Skip to main content

The Bharat Times

कांवड़ यात्रा-2026: डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसएसपी अविनाश पांडे ने किया पैदल मार्च, बेगमपुल से दिल्ली रोड तक परखी सुरक्षा व्यवस्था

कांवड़ यात्रा-2026 के अंतिम चरण में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मेरठ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को प्रमुख कांवड़ मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 अगस्त को प्रस्तावित दौरे से पूर्व डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे ने पुलिस बल के साथ बेगमपुल से दिल्ली रोड तक पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ पुलिस लगातार वरिष्ठ स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है।

पैदल मार्च के माध्यम से सुरक्षा का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर स्थापित बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, संवेदनशील स्थलों, ट्रैफिक डायवर्जन, कंट्रोल प्वाइंट और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने कांवड़ यात्रा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सेवा-भाव से व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

डीआईजी और एसएसपी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

डीआईजी कलानिधि नैथानी एवं एसएसपी अविनाश पांडे ने निरीक्षण के दौरान फील्ड में तैनात अधिकारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने यातायात को सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम और फील्ड यूनिट्स के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

दिन-रात सक्रिय है मेरठ पुलिस

मेरठ पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान चौबीसों घंटे पैदल गश्त, मोबाइल पेट्रोलिंग, ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी मॉनिटरिंग के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार फील्ड विजिट से पुलिस बल का मनोबल भी बढ़ा है और प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्कता सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *