मुंबई। एमएक्स प्लेयर ने हाल ही में इंटरैक्टिव फिल्म ‘लॉस्ट एंड फाउंड इन सिंगापुर’ लॉन्च की है और यह अपने अंत को स्वयं चुनने के दृष्टिकोण के कारण काफी चर्चा में है। इस इंटरैक्टिव फिल्म में रित्विक धनजानी और अपूर्वा अरोड़ा के मुख्य किरदार हैं और वे दर्शकों को कहानी का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करते हैं। सिंगापुर के आकर्षक रास्तों से गुज़रते हुए उसकी खोजयात्रा में दर्शकों द्वारा चुने गये विकल्पों के आधार पर यह फिल्म आगे बढ़ती है।
इस इंटरैक्टिव कॉन्सेप्ट के बारे में बात करते हुए रित्विक ने कहा, ‘‘यह एक इंटरैक्टिव फिल्म है और यही इसकी खूबसूरती है। रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों में यह कोई सामान्य बात नहीं है कि आपको यह चुनने का मौका मिले कि किरदार आगे क्या करेगा या क्या नहीं करेगा। दर्शकों के लिए यह चुनना रोमांचक है कि ध्रुव या सितारा आगे कहां जाएंगे और देखेंगे कि क्या होता है।
यह एक गहन अनुभव है।’’उन्होंने कहा कि ‘‘लेखिका कनिष्का सिंह देव और निर्देशक हर्ष देढिया के लिए ऐसी फिल्म बनाना बहुत मुश्किल था, क्योंकि उन्हें दोनों कहानियों के दर्शकों के बारे में सोचना था। लेकिन टीम ने शानदार काम किया है। आप दोनों कहानियों में खो जायेंगे, मैं उस पर दांव लगा सकता हूँ। आप इनमें से कोई भी कहानी चुन सकते हैं, लेकिन फिर आप पीछे जाकर जानना चाहेंगे कि दूसरी तरफ क्या हो रहा है। दर्शक हमारे साथ यात्रा पर निकलते हैं, और मुझे लगता है कि यही उस कला की खूबसूरती है जिसे हमारे निर्देशक साझा करते हैं।’’ लॉस्ट एंड फाउंड इन सिंगापुर एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम है।