adplus-dvertising

परिजन करना चाहते थे कहीं और शादी,प्रेमी जोड़े ने खा लिया ज़हर,प्रेमी की मौत प्रेमिका की हालत नाजुक

इस्लाम सलमानी

मुरादाबाद में एक प्रेमी जोड़े ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसमें से युवक की मौत हो गई जबकि युवती को नाजुक हालत में मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लड़की ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वो और उसका प्रेमी आपस में शादी करना चाहते थे। लेकिन उसके घर वालों ने उसकी शादी कहीं और तय करने की ज़िद पकड़ रखी थी। इसलिए वो अपने प्रेमी के साथ घर से निकल गई और दोनों ने जहर खा लिया।

घटना मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र में शरीफ नगर की है। यहां प्रेमी जोड़े के जहर खा लेने की वजह से हड़कंप मचा हुआ है। घटना में 19 साल के कमलदीप की मौत हो गई। जबकि युवती की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। एसपी ग्रामीण संदीप कुमार मीणा ने बताया कि लड़की के बयानों से पता चला है कि युवक और युवती आपस में प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। जबकि परिजन इनकी शादी कहीं और कराना चाहते थे। इसी को लेकर दोनों घर से निकल गए और फिर जहरीला पदार्थ खा लिया। सीओ ठाकुरद्वारा राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि घटना शरीफ नगर गांव की है। लड़का और लड़की एक ही बिरादरी के हैं। दोनों के घर अगल-बगल में हैं। लड़की इंटर में पढ़ती है। बुधवार रात से दोनों अपने-अपने घरों से गायब थे। परिवार के लोग दोनों को खोज रहे थे। इसी बीच गुरुवार सुबह दोनों शरीफ नगर गांव से करीब 2 किमी दूर सड़क किनारे पड़े मिले। दोनों को उल्टियां हो रही थीं।

सीओ ने बताया कि परिजन दोनों को अस्पताल लेकर गए। लेकिन लड़के की हालत नाजुक थी। उसकी मौत हो गई। लड़की को ठाकुरद्वारा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ ने बताया कि लड़के के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *