adplus-dvertising

80 लाख मिलने पर रिंकू सिँह ने कहा था,नही देखे खानदान मे किसी ने इतने पैसे

नई दिल्ली।जब 2018 IPL में KKR ने रिंकू सिंह को 80 लाख में खरीदा था,तब रिंकू ने कहा था कि उनके खानदान में इतना पैसा किसी ने नहीं देखा।अब दुनिया बोल रही है कि जो रिंकू ने कर दिखाया, वैसा हमने भी कभी नहीं देखा। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी 5 गेंद में 5 छक्के लगाकर कोलकाता नाइटराइडर्स को यादगार जीत दिलाने वाले रिंकू सिंह ने अपने हर छक्के को उनके लिए संघर्ष करने वाले परिवार को समर्पित किया। रिंकू उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के बेहद सामान्य परिवार से आते हैं। उनके पिता घरों में गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम करते थे। परिवार को कर्ज के बोझ से बाहर निकालने के लिए रिंकू उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम के खिलाड़ी के तौर पर मिलने वाले वजीफे को बचाने के साथ ही घरों में झाड़ू-पोछा लगाने का काम भी कर चुके हैं।

आईपीएल के 16 सालों के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ था कि किसी मुकाबले के आखिरी ओवर में एक के बाद एक 5 छक्के लगे हों। रिंकू सिंह ने यश दयाल के ओवर में ऐसा कर दिखाया और अब एक अनोखा इतिहास उनके नाम हो चुका है। ये बात तो पूरी दुनिया जानती है कि रिंकू ने आखिरी 5 गेंदों पर 30 रन बटोर लिए। लेकिन हम आपको बता दें कि इस बल्लेबाज ने अपनी पारी की आखिरी 7 गेंदों पर 40 रन लूटे थे। इनमें से 6 छक्के थे और 1 चौका। लगातार 7 गेंदों में 40 रन दुनिया के किसी भी बल्लेबाज ने कभी नहीं बनाए हैं।

आईपीएल इतिहास में कभी भी चेज करते हुए अंतिम ओवर में 29 रन किसी टीम ने नहीं बनाए थे। लेकिन रिंकू सिंह और उमेश यादव की जोड़ी ने ये कर दिखाया। यश दयाल के आखिरी ओवर में केकेआर को 29 रन चाहिए थे। पहली गेंद पर उमेश ने रिंकू को सिंगल दिया और इसके बाद जो हुआ, वह इतिहास है। रिंकू सिंह इसके अलावा आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने चेज करते हुए आखिरी ओवर में 30 रन ठोके। ऐसा भी पहले आईपीएल में कभी नहीं हुआ था।

रिंकू के रिकॉर्ड्स की लिस्ट यहीं खत्म नहीं होती। कोलकाता की टीम की ओर से रिंकू एक ओवर में लगातार 5 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस टीम के लिए आंद्रे रसेल और यूसुफ पठान जैसे बल्लेबाजों ने बहुत सी तेज पारियां खेली हैं, लेकिन ऐसा कारनामा कोई नहीं कर पाया। रिंकू ने गुजरात के खिलाफ यादगार पारी खेलने के बाद कहा, ‘मुझे यकीन था कि मैं यह कर सकता हूं। पिछले साल लखनऊ के खिलाफ भी मैच ऐसी ही स्थिति में था। तब भी इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने 15 गेंद में 40 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी लेकिन लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ इस मैच के आखिरी ओवर में टीम जीत के लिए जरुरी 21 रन नहीं बना पाई थी।

रिंकू ने इतिहास रचने के बाद कहा कि विश्वास तब भी था। फर्क ये रहा कि इस बार मैं ज्यादा सोच नहीं रहा था, बस एक के बाद एक शॉट लगाते चला गया। रिंकू सिंह ने आईपीएल के इतिहास की सबसे यादगार पारी खेली। उन्होंने 21 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 6 छक्के शामिल थे। रिंकू की तारीफ करते हुए KKR के ऑनर शाहरुख खान ने झूमे जो पठान गीत के पोस्टर पर रिंकू सिंह का चेहरा लगाकर झूमे जो रिंकू लिखकर ट्वीट किया। मिडिल क्लास से आने वाले रिंकू ने एक इनिंग से पूरी दुनिया को हिला दिया। 2018 में 80 लाख रुपए में कोलकाता ने रिंकू को ऑक्शन में खरीदकर उनकी जिंदगी बदल दी थी, रिंकू ने एक पारी से हर कर्ज चुका दिया। KKR उन्हें हर साल रिटेन करती रही और रिंकू ने तूफान उठा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *